जांजगीर-चांपा में साइबर थाना पुलिस ने BDG ऑनलाइन सट्टा ऐप के जरिए सट्टा चलाने वाले 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन से सट्टा ऐप की आईडी, स्क्रीनशॉट, WhatsApp चैट और दूसरे डिजिटल सबूत जब्त किए हैं।
पुलिस को साइबर जागृति अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी। जानकारी मिली कि न्यू चंदनियापारा लिंक रोड का रहने वाला हेमलाल यादव मोबाइल से ऑनलाइन सट्टा चला रहा है। इस सूचना पर साइबर थाना पुलिस ने गवाहों के सामने रेड की कार्रवाई की।
हेमलाल यादव से पूछताछ में BDG ऑनलाइन सट्टा गेम और इससे जुड़े बड़े नेटवर्क के बारे में पता चला। हेमलाल ने बताया कि उसे सट्टा खेलने की आईडी शैलेंद्र कुमार शर्मा ने दी थी।
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी सबूतों और हेमलाल की जानकारी के आधार पर शैलेंद्र कुमार शर्मा को पकड़ा। शैलेंद्र ने बताया कि वह BDG ऑनलाइन सट्टा ऐप की मास्टर आईडी और लिंक व्हाट्सएप के जरिए दूसरे लोगों तक पहुंचाता था।
पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क में नए लोगों को लिंक से जोड़ने पर कमीशन मिलता था। जब कोई नया व्यक्ति सट्टे में पैसा लगाता था, तो ऊपर के एडमिन को भी कमीशन मिलता था।
शैलेंद्र की निशानदेही पर पुलिस ने महेश प्रसाद राठौर, राकेश कुमार राठौर, दुर्गेश कुमार राठौर और हीरालाल यादव को भी पकड़ा। इनके मोबाइल फोन से भी ऑनलाइन सट्टा ऐप की आईडी और स्क्रीनशॉट जब्त किए गए हैं।
Leave a comment