रॉकिंग स्टार यश स्टारर हालिया रिलीज फिल्म टॉक्सिक इस वक्त बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश कर रही है. 150 करोड़ रुपये से वर्ल्डवाइड ओपनिंग लेने वाली फिल्म की कमाई दिन ब दिन गिर रही है. टॉक्सिक ना तो पूरी तरह से नकारी गई है और ना ही इसे स्वीकार किया गया है. फिल्म पर दर्शकों के मिक्स रिएक्शन आ रहे हैं, लेकिन यश के फैंस को उनकी फिल्म से ज्यादा शिकायत नहीं है. लोगों ने कहानी भले ही कमजोर बताई है, लेकिन यश ने अपनी 100 फीसदी परफॉर्मेंस से दिल जीत लिया है. इस बीच यश की फिल्म को ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ जैसी मेगा-ब्लॉकबस्टर फिल्म देने वाले डायरेक्टर आदित्य धर ने तारीफ की है. आदित्य धर ने अपनी इंस्टास्टोरी पर ‘टॉक्सिक’ की तारीफ में एक पोस्ट साझा किया है.
आदित्य धर ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर यश की फिल्म से एक तस्वीर पोस्ट की है. फोटो के नीचे आदित्य धर ने यश लिखा है और साथ ही फ्लेक्स्ड बाइसेप्स और रेड हार्ट इमोजी शेयर किया है. फ्लेक्स्ड बाइसेप्स इमोजी को आम तौर पर ताकत दिखाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है. आदित्य धर के ‘टॉक्सिक’ पर दिए रिव्यू से पता चलता है कि फिल्म वाकई में जानदार होगी. हो सकता है कि आदित्य की तारीफ का ‘टॉक्सिक’ पर पॉजिटिव असर पड़े. वहीं, आदित्य धर की तारीफ पर ‘टॉक्सिक’ के मेकर्स ने आभार जताया है. ‘टॉक्सिक’ के मेकर्स ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर आदित्य धर का पोस्ट री-शेयर कर हाथ जोड़ने वाला और हाथ से दिल बनाने वाला इमोजी शेयर किया है.
आपकी जानकारी के लिए बता दें बीती 19 मार्च 2026 को ‘धुरंधर 2’ और ‘टॉक्सिक’ आमने-सामने आने वाली थी, लेकिन ‘टॉक्सिक’ के मेकर्स को मिडिल ईस्ट में युद्ध की वजह से फिल्म की रिलीज डेट टालनी पड़ गई थी.आदित्य धर का यश को सपोर्ट करना दोनों के फैंस बहुत भा रहा है. अब सोशल मीडिया पर यश और आदित्य के कोलैब की चर्चा हो रही है.
आदित्य धर और यश का कोलैब?
कई यूजर्स आदित्य धर और यश के कोलेब्रेशन की उम्मीद कर रहे हैं. इस पर एक यूजर ने लिखा है, ‘टॉक्सिक से मिला धुरंधर, आदित्य धर इंस्टा स्टोरी, मैं आपसे अनुरोध करता हूं प्लीज साथ में काम कीजिए’. दूसरे यूजर ने टॉक्सिक की कहानी को समझने के लिए आदित्य धर की तारीफ की. यूजर ने लिखा है, ‘जब आदित्य धर खुद ‘यश बॉस’ और ‘टॉक्सिक’ की तारीफ करते हुए कोई स्टोरी शेयर करते हैं, तो समझ जाइए कि इसका असर जबरदस्त है. कुछ स्टार्स को तारीफ मिलती है, लेकिन कुछ स्टार्स ऐसे होते हैं, जिनकी वजह से दूसरे फिल्ममेकर्स भी रुककर उन पर ध्यान देने को मजबूर हो जाते हैं’.
एक और यूजर ने धर की पोस्ट को अहम बताते हुए लिखा, ‘आदित्य धर ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर @TheNameIsYash के लिए अपना समर्थन जाहिर किया. शायद बॉलीवुड से वे पहले व्यक्ति हैं, जिन्होंने तब समर्थन किया है, जब हालात यश के पक्ष में नहीं हैं’.
वहीं, सोशल मीडिया पर अटकलें और ज्यादा बढ़ गई हैं. कहा जा रहा है कि धर अपनी अगली फिल्म के लिए यश के साथ काम कर सकते हैं. एक पोस्ट में तो यह भी दावा किया गया कि धर की बहुप्रतीक्षित अगली फिल्म में रणवीर सिंह नहीं होंगे और सुझाव दिया गया कि इसके बजाय फिल्ममेकर एक बड़े पैन-इंडिया स्टार के साथ काम करें. हालांकि, इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि धर और यश साथ काम करने जा रहे हैं.