जशपुर जिले के आस्ता थाना क्षेत्र के ग्राम हर्री में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी मृतिका की बेटी से एकतरफा प्यार करता था और विरोध करने पर उसने महिला की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। आरोपी को झारखंड के रायडीह से गिरफ्तार किया गया है।

मृतिका 55 वर्षीय धनमनी बाई घर में अकेली थी। इसी दौरान आरोपी अवधेश राम उर्फ गुटका उसके घर पहुंचा। पुलिस के अनुसार, आरोपी मृतिका की बेटी से बातचीत करना चाहता था, लेकिन बेटी और उसकी मां द्वारा विरोध किए जाने से वह नाराज था। आरोप है कि इसी गुस्से में आरोपी ने घर में रखी कुल्हाड़ी से महिला के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने फॉरेंसिक जांच और परिजनों व गवाहों से पूछताछ के साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी की लोकेशन झारखंड के रायडीह में मिलने पर पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
बाइट: निमितेश सिंह, एसडीओपी जशपुर