जांजगीर-चांपा जिले के काइमेरा इंग्लिश मीडियम स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा-कृष्ण की वेशभूषा में नजर आए। बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ मटकी फोड़कर जन्माष्टमी का उत्साह मनाया।

काइमेरा इंग्लिश मीडियम स्कूल में जन्माष्टमी को लेकर बच्चों और शिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिला। नन्हे बच्चे राधा और कृष्ण के मनमोहक रूप में सजकर कार्यक्रम में शामिल हुए।
वहीं, कान्हा बने बच्चों ने मटकी फोड़ने की प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। मटकी फोड़ने वाले बच्चों को स्कूल प्रबंधन की ओर से पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया गया।

पूरे कार्यक्रम के दौरान स्कूल परिसर कृष्ण भक्ति और उत्साह से सराबोर नजर आया। शिक्षकों ने बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके संदेशों से भी परिचित कराया। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना रहा।