सरस्वती शिशु मंदिर चांपा में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, विद्यार्थियों को कानून एवं साइबर सुरक्षा की दी जानकारी
चांपा- सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांपा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यवक्ता श्रीमती नम्रता नोरगे, प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट चांपा एवं विद्यालय के प्राचार्य श्री अश्विनी कुमार कश्यप प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को कानून, उनके अधिकारों एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करना रहा।

इस अवसर पर श्रीमती नम्रता नोरगे ने भैया-बहनों को संबोधित करते हुए मोटरयान अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, आपातकालीन नंबर, साइबर सुरक्षा एवं यातायात नियमों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को कानून का पालन करने, साइबर अपराधों से सतर्क रहने तथा किसी भी अप्रिय परिस्थिति में उपलब्ध सहायता एवं आपातकालीन सेवाओं का उचित उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जागरूक विद्यार्थी ही सुरक्षित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य अश्विनी कुमार कश्यप ने अतिथि वक्ता एवं उपस्थित सभी जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर रमेश दिवाकर, संतोष कुमार कश्यप, धना राम कश्यप, विद्यालय के आचार्य-बंधु भगिनी तथा बड़ी संख्या में भैया-बहन उपस्थित रहे।
