भीड़ में गूंगा-बहरा बच्चा बनने का करते थे नाटक, चार चोरी के मोबाइल बरामद; नेपाल भेजे जाने की बात आई सामने
जांजगीर-चांपा, 22 अक्टूबर 2026। जांजगीर के बुधवारी बाजार में भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में झारखंड निवासी एक आरोपी मोहन महतो और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत 1 लाख 14 हजार 500 रुपये बताई गई है। मामले में कोतवाली थाना जांजगीर में मोबाइल चोरी के चार अलग-अलग अपराध दर्ज हैं। पुलिस अन्य संभावित साथियों की तलाश में जुटी है।
बुधवारी बाजार में चार लोगों के मोबाइल चोरी पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर को जांजगीर निवासी धनंजय कुमार शुक्ला ने शिकायत दर्ज कराई कि वह शाम करीब 6:30 बजे बुधवारी बाजार में सब्जी खरीदने गया था। इसी दौरान उसकी जेब में रखा सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर लिया।
इसके बाद शिवनारायण सोनी निवासी जांजगीर, प्रमोद कुमार तिवारी निवासी तागा, मूलमुला तथा संतोष कुमार कश्यप निवासी सलखन, थाना शिवरीनारायण ने भी बाजार में मोबाइल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई।इन शिकायतों पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 869/26, 870/26, 871/26 और 875/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मामले दर्ज कर जांच शुरू की।नैला रेलवे स्टेशन पर संदेह के आधार पर पकड़ा गया आरोपीलगातार हो रही मोबाइल चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
इसी दौरान नैला रेलवे स्टेशन पर एक संदिग्ध व्यक्ति के घूमने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहन महतो बताया और बुधवारी बाजार में भीड़ के बीच मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से चार मोबाइल बरामद किए गए।पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिछले 25 से 30 दिनों से चांपा में किराये का कमरा लेकर रह रहा था। वह अपने साथियों के साथ आसपास के जिलों के बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मोबाइल चोरी करने के लिए जाता था।
चोरी के लिए दी जाती थी ट्रेनिंग, नेपाल भेजने की बात
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लोगों की जेब से मोबाइल निकालते थे। पुलिस के अनुसार, विधि से संघर्षरत बालक को झारखंड के साहेबगंज जिले के तीनपहाड़ क्षेत्र में चोरी करने के तरीके सिखाए जाने की जानकारी भी मिली है। पकड़े जाने की स्थिति में गूंगा होने का नाटक करने की बात भी पुलिस ने बताई है।पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए मोबाइल झारखंड ले जाए जाते थे और वहां से भारत के बाहर नेपाल भेजे जाने की बात सामने आई है। इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों और चोरी के मोबाइल की सप्लाई से जुड़े संपर्कों की जांच की जा रही है।पुलिस रिमांड पर आरोपी, अन्य साथियों की तलाश जारीपुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि अन्य चोरी की घटनाओं और साथियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके। मामले में आगे की जांच जारी है।
इस संयुक्त कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता सहित साइबर थाना और कोतवाली पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका रही।
— The डिजिटल ख़बरी | पहले तथ्य फिर ख़बर


Leave a comment