रायगढ़ के छाल खदान क्षेत्र में वाहन चालकों से कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। पुलिस ने कांग्रेस नेता ऋतुराज सिंह समेत 12 नामजद लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, ‘मजदूर एकता सेवा समिति संगठन’ के नाम पर वाहन चालकों से हर महीने 700 रुपये लिए जाते थे। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर नौकरी से निकलवाने और संगठन से बाहर करने की धमकी दी जाती थी। रकम नकद के साथ PhonePe के जरिए भी लिए जाने का आरोप है।

तहसीलदार छाल के समक्ष की गई शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर छाल पुलिस ने अपराध क्रमांक 0143/2026 दर्ज किया है। मामले में BNS की धारा 308(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।
FIR में ऋतुराज सिंह सहित कुल 12 लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस अब पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि कथित वसूली के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
छाल खदान क्षेत्र में सामने आए इस मामले के बाद हड़कंप मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।