झीरम घाटी नक्सली हमले में एनआईए की विशेष अदालत द्वारा 10 आरोपियों को दोषी ठहराए जाने के बाद छत्तीसगढ़ में सियासत तेज हो गई है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही प्रवास पर पहुंचे उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया है।
मीडिया से चर्चा के दौरान मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि एनआईए एक स्वायत्त और निष्पक्ष जांच एजेंसी है। एजेंसी ने तथ्यों और सबूतों के आधार पर जांच कर आरोपियों को चिन्हित किया है। अब अदालत 16 सितंबर को दोषियों की सजा का ऐलान करेगी।
मंत्री ने कांग्रेस से अदालत के फैसले का सम्मान करने की अपील करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर भी निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि अगर कांग्रेस नेताओं के पास झीरम मामले से जुड़े सबूत थे, तो पांच साल सत्ता में रहने के दौरान उन्हें सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया?
देवांगन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब जांच एजेंसियों पर सवाल उठाकर जनता को भटकाने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई होगी।

बाइट: लखन लाल देवांगन, उद्योग एवं श्रम मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन