सुरक्षा गार्ड की सतर्कता से पकड़ा गया आरोपी, करीब 5 हजार रुपये का चोरी का माल बरामद
जांजगीर-चांपा। चांपा थाना क्षेत्र के अमझर प्लांट से सिलिको मैंगनीज पत्थर चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 50 किलोग्राम सिलिको मैंगनीज पत्थर बरामद किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 5 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:55 बजे अमझर प्लांट में ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने एक व्यक्ति को कंधे पर बोरी रखकर अमझर बस्ती की ओर जाने वाले रास्ते से बाहर निकलते देखा। संदेह होने पर सुरक्षा गार्ड ने उसे रोककर पूछताछ की। इस दौरान व्यक्ति बोरी छोड़कर भागने लगा, लेकिन सुरक्षा गार्ड ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।मामले में प्रार्थी रविन्द्र बर्मन, निवासी पहरिया, थाना बलौदा की रिपोर्ट पर पुलिस ने जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान पकड़े गए व्यक्ति की पहचान धमेन्द्र पटेल (34 वर्ष), निवासी कुसमुली, थाना कोटा, जिला बिलासपुर, वर्तमान निवासी अमझर, थाना चांपा, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई।पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के आधार पर आरोपी द्वारा चोरी करना स्वीकार किए जाने के बाद प्लांट से चोरी किया गया लगभग 50 किलोग्राम सिलिको मैंगनीज पत्थर बरामद किया गया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।इस कार्रवाई में चांपा थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेंडे एवं थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।


Leave a comment