पुलिस की कार्रवाई, नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगाने में सहयोग का आरोप
जांजगीर-चांपा। थाना बलौदा पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगाने में सहयोग करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को जिला कोरबा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में पूर्व में मुख्य आरोपी सहित दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।पुलिस के अनुसार, नाबालिग बालिका स्कूल जाने के बाद घर वापस नहीं लौटी थी। परिजनों ने उसकी तलाश की तो स्कूल से जानकारी मिली कि वह उस दिन स्कूल पहुंची ही नहीं थी। इसके बाद परिजनों की रिपोर्ट पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 403/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क और एसडीओपी डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली, जिसके आधार पर आरोपी भागीरथी रोहिदास (27 वर्ष), निवासी पाड़ीमार भद्रापारा बालकों, जिला कोरबा को हिरासत में लिया गया।पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा घटना में सहयोग करना स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ धारा 137(2), 64(2)(M), 65(1), 69, 3(5) बीएनएस तथा धारा 4, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।पुलिस ने बताया कि मामले में पूर्व में दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवार, आरक्षक रज्जू रात्रे, नारायण भानू तथा महिला आरक्षक रूखमणी निर्मलकर का सराहनीय योगदान रहा।


Leave a comment