दुर्ग के जामुल थाना क्षेत्र में शराब के नशे में तेज रफ्तार और स्टंटबाजी कर रील बनाना युवकों को भारी पड़ गया। पुलिस ने बुलेट चालक समेत छह युवकों के खिलाफ कार्रवाई की है। बुलेट में तीन युवक सवार थे और मॉडिफाइड साइलेंसर के साथ स्टंट करते हुए रील बनाई जा रही थी।

पुलिस के मुताबिक 7 सितंबर की रात करीब 2 बजे बुलेट क्रमांक CG 04 MY 3982 पर तीन युवक तेज रफ्तार में स्टंट कर रहे थे। पुलिस ने चालक पवन तिवारी को रोककर जांच की, जिसमें उसके शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि हुई।


मामले में BNS की धारा 281 और मोटरयान अधिनियम की धारा 184 व 185 के तहत कार्रवाई की गई।
वहीं घटना के कुछ देर बाद बिना नंबर प्लेट वाली काले रंग की थार से पांच युवक थाना पहुंचे। पुलिस के अल्कोहल टेस्ट में सभी शराब के नशे में पाए गए। पुलिस ने अंश कुमार, नमन पगार, अमित कुमार जयसवार, नितिन शर्मा और आर्यन मिश्रा के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की।
इसके अलावा बिना नंबर प्लेट, काले शीशे और जरूरी दस्तावेज नहीं होने पर थार के खिलाफ भी मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
दुर्ग पुलिस ने लोगों से शराब पीकर वाहन नहीं चलाने और सड़क पर स्टंटबाजी व तेज रफ्तार से वाहन चलाने से बचने की अपील की है।