रायगढ़ के धरमजयगढ़ से सोशल मीडिया से जुड़ा मामला सामने आया है। स्कूल से घर लौट रही छात्राओं के सामने अश्लील गाना गाकर रील बनाने और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाले युवक को पुलिस ने तलब कर कड़ी समझाइश दी। पुलिस की कार्रवाई के बाद युवक ने माफी मांगते हुए दोबारा ऐसी हरकत नहीं करने का आश्वासन दिया।
दरअसल, धरमजयगढ़ क्षेत्र में कुछ दिनों पहले एक युवक ने स्कूल से लौट रही छात्राओं के सामने अश्लील गाना गाते हुए वीडियो बनाया और उसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होने की जानकारी मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया।

एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के निर्देश पर पुलिस ने इंस्टाग्राम आईडी के आधार पर 25 वर्षीय जयदेव मंडल, निवासी धरमजयगढ़ कॉलोनी को तलब किया। पूछताछ में युवक ने अपने मोबाइल से वीडियो बनाए जाने की बात स्वीकार की।
इसके बाद पुलिस ने युवक को सोशल मीडिया के जिम्मेदाराना इस्तेमाल और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं व छात्राओं की गरिमा का ध्यान रखने को लेकर कड़ी समझाइश दी। पुलिस की समझाइश के बाद युवक ने अपने कृत्य पर माफी मांगी और भविष्य में ऐसी हरकत नहीं करने की बात कही।

बाइट: अनिल कुमार सोनी, एडिशनल एसपी रायगढ़
रायगढ़ पुलिस के मुताबिक सोशल मीडिया पर अशोभनीय, भड़काऊ या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सामग्री पोस्ट करने वालों पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने और किसी की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री प्रसारित नहीं करने की अपील की है।