बॉलीवुड सुपरस्टार ऋतिक रोशन के बड़े बेटे रेहान रोशन ने महज 20 साल की उम्र में म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रख दिया है। उन्होंने अपना पहला गाना ‘दिस हेवनली प्लेस’ रिलीज किया है। रेहान का यह डेब्यू इसलिए भी खास है, क्योंकि वह अपने परिवार की संगीत की विरासत को एक नए अंदाज में आगे बढ़ा रहे हैं।

रेहान रोशन ने बतौर सिंगर-सॉन्गराइटर और परफॉर्मिंग म्यूजिशियन अपना पहला गाना लॉन्च किया है। उनका डेब्यू सॉन्ग अंग्रेजी भाषा में है, जिसे YouTube, Spotify और Instagram जैसे प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज किया गया है।

रेहान के इस नए सफर से पूरा रोशन परिवार बेहद खुश है। उनके डेब्यू के बाद परिवार के सदस्यों ने सोशल मीडिया पर उन्हें शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।

दादा राकेश रोशन ने दी खास बधाई

रेहान के दादा और मशहूर फिल्ममेकर राकेश रोशन ने सोशल मीडिया पर पोते की तस्वीर शेयर कर उनके म्यूजिकल सफर की शुरुआत पर खुशी जाहिर की।

उन्होंने कहा कि संगीत हमेशा से रोशन परिवार के दिल के करीब रहा है और रेहान को इस विरासत को आगे बढ़ाते देखना गर्व की बात है।

वहीं ऋतिक रोशन ने भी बेटे के डेब्यू सॉन्ग को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया और उन्हें अपना आशीर्वाद दिया। रेहान की मां सुजैन खान और परिवार के अन्य सदस्यों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।

कौन हैं रेहान रोशन?

रेहान रोशन, अभिनेता ऋतिक रोशन और सुजैन खान के बड़े बेटे हैं। उनका जन्म 28 मार्च 2006 को हुआ था। उन्होंने मुंबई के धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल से पढ़ाई की है।

इसके बाद वह संगीत की पढ़ाई के लिए अमेरिका गए। फिलहाल रेहान बर्कली कॉलेज ऑफ म्यूजिक में पढ़ाई कर रहे हैं, जो दुनिया के प्रतिष्ठित म्यूजिक संस्थानों में गिना जाता है।

परिवार और करीबी लोग उन्हें प्यार से ‘रे’ कहकर बुलाते हैं। उनका एक छोटा भाई भी है, जिसका नाम हृदान रोशन है।

‘दिस हेवनली प्लेस’ से किया डेब्यू

रेहान का पहला गाना ‘दिस हेवनली प्लेस’ अंग्रेजी भाषा में है। गाने का म्यूजिक शांत और एकॉस्टिक अंदाज का है, जिससे उनकी पसंद और म्यूजिकल स्टाइल की झलक मिलती है।

रेहान का यह डेब्यू बॉलीवुड प्लेबैक सिंगिंग से अलग नजर आता है। वह खुद गाने लिखने, गाने और म्यूजिक परफॉर्म करने की दिशा में आगे बढ़ते दिखाई दे रहे हैं।

अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘दिस हेवनली प्लेस’ रेहान के म्यूजिकल करियर की एक शुरुआत भर है या वह आने वाले समय में बतौर सिंगर-सॉन्गराइटर अपनी अलग पहचान बनाने में कामयाब होते हैं।

तीन पीढ़ियों से जुड़ी है संगीत की विरासत

रेहान जिस परिवार से आते हैं, वहां संगीत की परंपरा कई पीढ़ियों पुरानी है। उनके दादा राजेश रोशन हिंदी सिनेमा के मशहूर संगीतकार हैं। उन्होंने राकेश रोशन की कई फिल्मों के लिए संगीत दिया है, जिनमें ‘कहो ना… प्यार है’ जैसी चर्चित फिल्म भी शामिल है।

वहीं रेहान के परदादा रोशन लाल नागरथ, जिन्हें संगीत की दुनिया में रोशन के नाम से जाना जाता था, 1950 और 1960 के दशक के प्रमुख हिंदी फिल्म संगीतकारों में शामिल रहे।

ऐसे में रेहान का खुद गायक, गीतकार और म्यूजिशियन के तौर पर सामने आना रोशन परिवार की संगीत विरासत को एक नई दिशा देता है।