कंपनी का आरोप है कि एक्ट्रेस की कथित ‘गैर-जिम्मेदाराना’ टिप्पणियों से बुकिंग कैंसिल हुईं और कारोबार को भारी नुकसान पहुंचा

बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही कानूनी विवाद में घिर गई हैं। एविएशन कंपनी ड्यून्स एविएशन ने उनके खिलाफ गांधीनगर कोर्ट में 3 करोड़ रुपये का मानहानि मुकदमा दायर किया है। कंपनी का आरोप है कि नोरा फतेही द्वारा सोशल मीडिया पर उसके चार्टर्ड विमान को लेकर की गई कथित अपमानजनक और गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणियों से कंपनी की प्रतिष्ठा और कारोबार को नुकसान पहुंचा है।

क्या है पूरा मामला?

मुकदमे के मुताबिक, दिसंबर 2025 में मुंबई से जयपुर की यात्रा के दौरान नोरा फतेही ने Cessna Citation CJ2 विमान के अंदर वीडियो रिकॉर्ड किए थे। आरोप है कि इन वीडियो में उन्होंने विमान को ‘छोटा’, ‘खिलौना’ और ‘लेगो एयरप्लेन’ जैसी टिप्पणियों के साथ पेश किया और बाद में इन्हें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया।

कंपनी का दावा है कि नोरा फतेही के इंस्टाग्राम पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स हैं। ऐसे में उनकी टिप्पणियों का व्यापक असर हुआ और इससे ड्यून्स एविएशन की छवि प्रभावित हुई।

बुकिंग में 15-20% गिरावट का दावा

ड्यून्स एविएशन ने अदालत में दायर मुकदमे में दावा किया है कि इन टिप्पणियों के बाद कंपनी की बुकिंग में 15 से 20 प्रतिशत तक गिरावट आई और कैंसिलेशन की संख्या भी बढ़ी।

कंपनी का आरोप है कि नोरा के बयान बिना पर्याप्त तकनीकी जानकारी, पुष्टि या तथ्यात्मक आधार के दिए गए थे। कंपनी के मुताबिक, इससे उसकी गुडविल और व्यावसायिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा।

कंपनी ने विमान को लेकर क्या कहा?

ड्यून्स एविएशन ने अपने मुकदमे में कहा है कि जिस विमान से नोरा फतेही ने यात्रा की थी, वह एक मानक विमान था और उड़ान के लिए पूरी तरह सुरक्षित था। कंपनी के अनुसार, विमान DGCA से प्रमाणित था और वैध NSOP (Non-Scheduled Operator Permit) के तहत कानूनी रूप से संचालित किया जा रहा था।

कोर्ट से क्या मांग की गई?

कंपनी ने अदालत से 3 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है। इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से विमान और कंपनी से संबंधित कथित आपत्तिजनक सामग्री हटाने तथा नोरा फतेही की ओर से सार्वजनिक स्पष्टीकरण जारी करने की मांग भी की गई है।

25 सितंबर को होगी सुनवाई

मामले की सुनवाई सीनियर सिविल जज आर. अग्रवाल की अदालत में 25 सितंबर को होने की बात सामने आई है। मुकदमा अप्रैल 2026 में दायर किया गया था।

फिलहाल इस मामले में नोरा फतेही की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यह आरोप एविएशन कंपनी की ओर से लगाए गए हैं और मामले का अंतिम फैसला अदालत की प्रक्रिया के बाद ही होगा।