रायगढ़ के जूटमिल थाना क्षेत्र में वाहन चोरी के मामलों का पुलिस ने खुलासा किया है। शारदा होंडा शोरूम के यार्ड से चोरी हुई चार एक्टिवा बरामद करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पुरानी दो बाइक चोरी की वारदात का भी खुलासा हुआ है। पुलिस ने करीब साढ़े 4 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।
मिट्ठुमुड़ा स्थित शारदा होंडा शोरूम के यार्ड से 14 से 17 अगस्त के बीच चार एक्टिवा चोरी हुई थीं। शिकायत के बाद जूटमिल पुलिस ने जांच शुरू की और मुखबिर की सूचना पर मार्शल यादव और सुनील सारथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने शोरूम यार्ड में घुसकर अलग-अलग दिनों में चारों स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया। चोरी की स्कूटियों को सुनील के घर के नीचे छिपाकर रखा गया था और दोनों उन्हें बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चारों एक्टिवा बरामद कर लीं।

पूछताछ में मुख्य आरोपी मार्शल यादव ने करीब दो माह पहले HF Deluxe और करीब एक माह पहले Dream Yuga बाइक चोरी करने की बात भी स्वीकार की। दोनों बाइक पेट्रोल खत्म होने के बाद अलग-अलग स्थानों पर छोड़ दी गई थीं, जिन्हें पुलिस पहले ही लावारिस हालत में बरामद कर चुकी थी।
पुलिस के अनुसार, मार्शल यादव पूर्व में भी वाहन चोरी के मामले में जेल जा चुका है। वहीं पूछताछ में अन्य थाना क्षेत्रों में वाहन चोरी की घटनाओं की जानकारी भी सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
मार्शल यादव, उम्र 26 वर्ष
सुनील सारथी उर्फ चद्दर, उम्र 34 वर्ष
बरामद संपत्ति: करीब 4.50 लाख रुपये