दुर्ग में ब्रांडेड कंपनी टाइटन और फास्ट्रैक के नाम पर नकली घड़ियां बेचने का मामला सामने आया है। दुर्ग कोतवाली पुलिस ने इंदिरा मार्केट स्थित एक दुकान में दबिश देकर दुकान संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 280 नकली घड़ियां और 275 फर्जी टैग बरामद किए हैं।

टाइटन कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि की शिकायत पर दुर्ग कोतवाली पुलिस ने इंदिरा मार्केट की सत कबीर वाच दुकान में कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, दुकान से टाइटन और फास्ट्रैक के नाम और ट्रेडमार्क का कथित तौर पर दुरुपयोग कर नकली घड़ियां बेची जा रही थीं।
जांच के दौरान पुलिस ने 280 नकली घड़ियां, 275 फर्जी टैग और घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद किया। मामले में दुकान संचालक कमलेश निर्मलकर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धारा 63 और बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है। पुलिस ने लोगों से नकली और पायरेटेड सामान की खरीद-बिक्री से बचने की अपील की है।