सूरजपुर के विश्रामपुर में नई स्कूटी की खरीदी को लेकर एक महिला ने शोरूम संचालक पर अतिरिक्त राशि लेने और भुगतान से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराने में कथित आनाकानी करने का आरोप लगाया है।
बंशीपुर निवासी प्रेम कुमारी के मुताबिक, स्कूटी की कीमत करीब 1 लाख 1 हजार रुपये तय हुई थी और उन्होंने 50 हजार रुपये नकद भुगतान किया। महिला का आरोप है कि नकद भुगतान की रसीद को लेकर उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।
महिला ने यह भी बताया कि फाइनेंस की राशि को लेकर उन्हें पूरी जानकारी नहीं दी गई। फाइनेंसर से 35 हजार रुपये जमा होने की जानकारी मिलने के बाद वाहन की कुल कीमत, नकद भुगतान और फाइनेंस राशि को लेकर सवाल खड़े हुए।
महिला के मुताबिक, काफी बातचीत के बाद उन्हें वाहन का बिल उपलब्ध कराया गया। वहीं, दूसरे शोरूम से लिए गए कोटेशन में इसी मॉडल की स्कूटी की ऑन-रोड कीमत करीब 1 लाख 600 रुपये बताई गई है।

इसी बीच, शोरूम संचालक को लेकर पूर्व में भी इसी तरह की शिकायतें सामने आने की बात स्थानीय सूत्रों के हवाले से कही जा रही है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है और इनकी वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल प्रेम कुमारी ने विश्रामपुर थाने में लिखित आवेदन देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। महिला ने वाहन की वास्तविक कीमत, 50 हजार रुपये के भुगतान, फाइनेंस राशि और संबंधित दस्तावेजों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
अब पूरे मामले में पुलिस जांच के बाद ही साफ होगा कि वाहन की वास्तविक कीमत क्या थी, भुगतान और फाइनेंस की राशि में कितना अंतर है और महिला के लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।
स्कूटी खरीदी से जुड़े इस मामले में शिकायत पुलिस तक पहुंच चुकी है। अब सबकी नजर पुलिस जांच पर है कि दस्तावेजों की जांच में क्या सामने आता है और महिला द्वारा लगाए गए आरोप कितने सही साबित होते हैं।

बाइट – प्रेम कुमारी, शिकायतकर्ता
Leave a comment