जांजगीर-चांपा और कोरबा जिले की सीमा से बड़ी खबर सामने आई है। बालपुर रेलवे स्टेशन के पास नहर में बुधवार सुबह एक शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान कोरबा निवासी 12 से 13 वर्षीय हर्ष दास महंत के रूप में होने की बात सामने आई है, जो सोमवार से लापता था।

मामला बालपुर रेलवे स्टेशन के पास का है, जहां मड़वारानी से बालपुर की ओर जाने वाली नहर में स्थानीय लोगों ने एक शव देखा। सूचना मिलते ही चांपा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले दिन मड़वारानी क्षेत्र की नहर में भी शव दिखाई देने की सूचना सामने आई थी। आशंका जताई जा रही है कि नहर के तेज बहाव में शव बहकर बालपुर तक पहुंचा होगा। शव का वीडियो सामने आने के बाद संभावित मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान 12-13 वर्षीय हर्ष दास महंत के रूप में की। परिजनों के अनुसार हर्ष कोरबा का रहने वाला था और सोमवार से लापता था। वह एक दोस्त के साथ घर से निकला था, जिसके बाद उसका पता नहीं चल पाया। वहीं, मंगलवार को मड़वारानी क्षेत्र में नहर के पास शव दिखाई देने की सूचना 112 की टीम को दिए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस या संबंधित अधिकारियों की आधिकारिक प्रतिक्रिया अभी सामने नहीं आई है। फिलहाल चांपा पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
Leave a comment